गरियाबंद में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: तीन चैन माउंटेन मशीनें और हाईवा जप्त, खदान संचालक को नोटिस
गरियाबंद, 9 जून 2026। राज्य में खनिज संसाधनों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग के केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने गरियाबंद जिले में एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पैरी नदी में नियमों के खिलाफ चल रहे रेत खनन पर छापा मारा। मौके से तीन भारी चैन माउंटेन मशीनें और एक हाईवा वाहन जप्त किया गया है।

नदी का सीना चीर रही थीं मशीनें, औचक निरीक्षण में खुलासा
खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय उड़नदस्ता की टीम ने 8 जून को राजिम तहसील के ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि नदी में स्वीकृत नियमों को ताक पर रखकर मशीनों से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
कानूनी शिकंजा: मशीनें सील, थाना परिसर में खड़ा कराया वाहन
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957’ की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने अवैध रूप से रेत निकाल रहीं तीन चैन माउंटेन मशीनों को तुरंत जप्त कर वहीं सील कर दिया। इसके अलावा, रेत के अवैध परिवहन में लगे एक हाईवा वाहन को भी पकड़ा गया। इस वाहन को सुरक्षा के लिहाज से राजिम थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। विभाग ने खदान संचालक और मशीन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

दोषियों पर होगी कठोरतम कार्रवाई: मुख्यमंत्री साय
इस बड़ी कार्रवाई पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हमारी सरकार राज्य की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की पैनी नजर, लगातार जारी रहेगी निगरानी
खनिज साधन विभाग के सचिव ने बताया कि प्रदेश भर में खनिज माफियाओं पर लगाम कसने के लिए हर स्तर पर सतत निगरानी रखी जा रही है। विभागीय अमले और केंद्रीय उड़नदस्ता दलों को हर जिले में नियमित जांच करने और शिकायत मिलने पर तुरंत एक्शन लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
