रेलवे की अनोखी पहल: नुक्कड़ नाटक और वॉकथॉन से ११०० लोगों को मिला सुरक्षा का पाठ

रायपुर, 9 जून 2026: रायपुर रेल मंडल ने नुक्कड़ नाटक और वॉकथॉन से लोगों को सिखाया संरक्षा का पाठ, 1100 से अधिक लोगों की हुई काउंसलिंग
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल में इन दिनों अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के मौके पर एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। संरक्षा विभाग की ओर से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 6 जून से 12 जून 2026 तक चलेगा। इसका मुख्य मकसद रेल फाटकों पर होने वाले हादसों को रोकना और लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करना है।

डीआरएम की अगुवाई में निकली ‘वॉकथॉन’

अभियान के तहत आज, 9 जून को रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद के नेतृत्व में एक भव्य ‘वॉकथॉन’ (पैदल मार्च) का आयोजन किया गया। यह वॉकथॉन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू हुई। इसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी समेत रेलवे के कई बड़े अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

खमतराई फाटक पर नुक्कड़ नाटक

यह वॉकथॉन शहर के समपार फाटक क्रमांक-417 (खमतराई फाटक) पहुंची। यहाँ निशांत मुदलियार के नेतृत्व में स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने एक दमदार नुक्कड़ नाटक पेश किया। नाटक के जरिए बच्चों ने लोगों को समझाया कि फाटक बंद होने पर उसे पार करना कितना खतरनाक हो सकता है। रेलवे टीम ने यहाँ बैनर लगाए और लोगों को पम्पलेट भी बांटे। इसके बाद वॉकथॉन वापस कार्यालय के मुख्य द्वार पर आकर खत्म हुई। इस पूरे कार्यक्रम में स्काउट गाइड, आरपीएफ, सिविल डिफेंस वॉलेंटियर और संरक्षा सलाहकारों समेत कुल 180 लोगों ने हिस्सा लिया।

ट्रेनों और स्टेशनों पर भी चला जागरूकता अभियान

इससे पहले कल, 8 जून को भी मंडल के कई इलाकों में बड़ा अभियान चलाया गया था। रेल अधिकारियों और संरक्षा सलाहकारों की टीम ने सेरीखेड़ी गेट, जोरा गेट, स्टेडियम गेट, ओटगन गेट, दगोरी गेट, चैनगंज गेट, खापरी गेट और बाघमारा गेट जैसे व्यस्त फाटकों का दौरा किया।

इसके साथ ही टीम ने दुर्ग, मंदिरहसौद, लखोली, बालोद, निपनियां, सिकोसा और लाटाबोर स्टेशनों के साथ-साथ बाजारों और पेट्रोल पंपों पर जाकर लोगों को जागरूक किया। रेलवे स्टाफ ने ट्रेन नंबर 68760, 58203 और 78815 के भीतर यात्रियों को पम्पलेट बांटे और स्टीकर चिपकाए।

ऑडियो और नाटकों से दी सीख

कल दुर्ग स्टेशन पर भी स्काउट गाइड के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक खेलकर यात्रियों को जागरूक किया। इसके अलावा रायपुर मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर लाउडस्पीकर (ऑडियो रिकॉर्डिंग) के जरिए लोगों को समपार फाटक सुरक्षित रूप से पार करने के नियम बताए गए। दो दिनों के भीतर रेलवे टीम ने कुल मिलाकर लगभग 960 लोगों की आमने-सामने काउंसलिंग की और उन्हें नियम मानने का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *