नई दिल्ली/रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विगत 40-50 वर्षों से नक्सलवाद के दंश के कारण विकास की दौड़ में पीछे रह गए बस्तर क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता और तेज़ी के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने पहुंचे है । इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में बस्तर के कायाकल्प और राज्य के विकास को लेकर सरकार का दृष्टिकोण साझा किया।
मुख्यमंत्री साय ने नीति आयोग की कार्यप्रणाली पर बात करते हुए कहा कि नीति आयोग का एजेंडा हमेशा फिक्स और सुस्पष्ट रहता है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्यों के सहयोग से देश का संतुलित विकास करना है। छत्तीसगढ़ सरकार इस मंच का उपयोग राज्य के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों की आवाज उठाने के लिए कर रही है।
बस्तर में आएगी विकास की नई सुबह
मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर लंबे समय से नक्सली हिंसा और पिछड़ेपन से जूझता रहा है। लेकिन अब समय बदल चुका है। साय सरकार बस्तर के युवाओं को रोजगार, बच्चों को अच्छी शिक्षा और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए बड़े कदम उठा रही है। सरकार का मुख्य लक्ष्य बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ना और वहां बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, बिजली और पानी का तेजी से विस्तार करना है।
