बुनियादी तौर पर और अधिक जनता से जुड़ना होगा: डी. पुरन्देश्वरी

जिले के प्रमुख पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की करें चिंता : नितिन नबीन

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरन्देश्वरी व सह प्रभारी व बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन ने जिला अध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक ली। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी डी. पुरन्देश्वरी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता हमारी शक्ति का आधार है। कार्यकर्ता जब कर्मयोग से संगठन की मजबूती के लिए जुटता है तो निश्चित ही एक संकल्प के साथ हम बदलाव की ओर बढ़ते है। हमें प्रदेश सरकार की नाकामियों को अधिक से अधिक जनता तक पहुंचा कर जनता के बीच हमारे जुड़ाव को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर नाकाम है और इस नाकाम सरकार की खामियों को बताने की जरूरत है। राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरन्देश्वरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा का हमेशा ही संगठनात्मक ढांचा मजबूत रहा है और एक बार हमें एकजुट होकर विजय छत्तीसगढ़ 2023 के लिए अभी से जुटना होगा।

प्रदेश सह प्रभारी व बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिले के प्रभारियों पर स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की अहम जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी, सभी कार्यकर्ताओं के बीच जितना अधिक सक्रिय रहेंगे उसका लाभ पार्टी संगठन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर जिले के बूथ व मंडलों में नियमित संपर्क, संवाद व कार्यकर्ताओं से जब हम भावपूर्ण संबंध रखते है तो हमें संगठन को खड़े करने में आसानी होगी। प्रदेश सह प्रभारी व बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि कोंटा से कोटा और राजनांदगांव से लेकर रायगढ़ तक हर क्षेत्र में कार्यकर्ता जिस सक्रियता से कार्य कर रहे हैं इसका बेहतर परिणाम भविष्य में जरूर दिखेगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रदेश की विफल सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरना होगा। तभी हम जनता के दिल पर उतर सकते है।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि प्रत्येक मंडल से सोशल मीडिया में पार्टी की बातों को रखने के लिए कार्यकर्ताओं की पूरी टीम खड़ी की जा रही है। जो प्रदेश की विफल सरकार को सोशल मीडिया के माध्यम से घेरेगी। इसके साथ ही संगठन में मजबूती व प्रदेश सरकार को घेरने के लिए कई रणनीतियों पर कार्य किये जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री व विधायक नारायण चंदेल, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सभी जिले के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *