ब्रह्माकुमारी कमला दीदी नहीं रहीं…

रायपुर 10 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ राज्य में बाबा की सेवाओं को विस्तारित करने वाली, मातृवत सभी की पालना कर आगे बढ़ाने वाली, इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी नहीं रहीं…

आप सभी को अवगत हो कि प्राणप्यारे बापदादा की लाड़ली, सभी को मातृवत स्नेह कर आगे बढ़ाने वाली, इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी कमला दीदी नहीं रहीं। वह ८१ वर्ष की थीं।आज शनिवार, १० दिसम्बर को सुबह ९ बजकर १० मिनट पर शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर, रायपुर में उन्होंने अपने पार्थिव देह का त्याग किया। उनका पार्थिव शरीर अन्तिम दर्शन हेतु विधानसभा मार्ग स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में आज शनिवार को दोपहर १२ बजे से रखा जाएगा। उनका अन्तिम संस्कार रविवार, ११ दिसम्बर २०२२ को दोपहर १ बजे शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर परिसर में किया जाएगा। इसके पहले उनका पार्थिव शरीर विश्व शान्ति भवन चौबे कालोनी और नवा रायपुर के शान्ति शिखर भवन में लेकर जाएंगे।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सेवाओं को छत्तीसगढ़ में विस्तारित करने में उनकी अहम भूमिका थीं। माउण्ट आबू के बाहर विश्व का प्रथम रिट्रीट सेन्टर के रूप में शान्ति सरोवर का निर्माण उनके ही अथक परिश्रम से सम्भव हो सका। वर्तमान समय इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका के रूप में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के साथ ही समीपवर्ती राजस्थान और उड़ीसा के कुछ सेवाकेन्द्रों का प्रशासन भी देख रही थीं। वह हमारी संस्थान की ब्रह्माकमारीज एजुकेशनल सोसायटी एवं राजयोगा एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन की गवर्निंग बोर्ड की सदस्या होने के साथ ही सुरक्षा सेवा प्रभाग की नेशनल कोआर्डिनेटर भी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *