अब जो कहना है CM ही कहेंगे:सिंहदेव बृहस्पत सिंह को शोकॉज नोटिस

रायपुर 27 जुलाई ।
कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर लगाए आरोपों से छिड़ा विवाद गहराता जा रहा है। एक तरफ छग कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने बृहस्पत सिंह को शोकॉज नोटिस जारी कर दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनिंदा मंत्रियों की आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास में चल रही है। इसमें टीएस सिंहदेव शामिल नहीं हैं। वह अपने सिविल लाइंस स्थित बंगले में मौजूद हैं।
विधानसभा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पार्टी नेतृत्व को घटनाक्रम की जानकारी दी है। वहां से इस विवाद को जल्द से जल्द सुलझाने को कहा गया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने रणनीतिकारों से चर्चा के बाद मंत्रियों की आपात बैठक बुलाई है। इसमें गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे, राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया आदि शामिल हो रहे हैं।
सिंहदेव-बृहस्पत विवाद:स्वास्थ्य मंत्री को मनाने के लिए प्रदेश प्रभारी पुनिया ने विधानसभा बुलाया, मुख्यमंत्री कक्ष में ढाई घंटे तक मंथन; सिंहदेव बोले- अब जो कहना है CM ही कहेंगे
मंत्रियों का यह समूह क्या फैसला लेगा यह बैठक खत्म होने के बाद ही बाहर आएगा। फिलहाल सबकी निगाह इस बैठक पर है। विधानसभा से रवाना होने से पहले टीएस सिंहदेव ने कहा था, उन्होंने अपनी बात कह दी है। फैसला भविष्य के गर्भ में है। अब जो कहेंगे, सीएम कहेंगे।
विधायक बृहस्पत सिंह को शोकॉज नोटिस
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा, टीएस सिंहदेव सदन से बाहर चले गए। हम उनकी भावनाओं को समझते हैं। गंभीर आरोप उनके ऊपर लगाए गए हैं। उन सबको ध्यान रखते हुए विधायक बृहस्पत सिंह के खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। कल समस्या का समाधान हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *