नारायणपुर/रायपुर, 27 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के सुदूर और अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए अब सरकारी दस्तावेज बनवाना या योजनाओं का लाभ लेना कोई कठिन चुनौती नहीं रह गया है। जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई ‘सुशासन एक्सप्रेस’ (मोबाइल गवर्नेंस यूनिट) ने विकास और प्रशासन की दूरी को पाटते हुए अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुँच सुनिश्चित कर दी है।
अबूझमाड़ की बाधाओं को पार करती ‘सुशासन’ की गाड़ी

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जनवरी 2026 में शुरू हुई यह पहल एक चलते-फिरते सेवा केंद्र के रूप में काम कर रही है। जिन गाँवों में भौगोलिक दुर्गमता और सुरक्षा कारणों से पहुंचना मुश्किल था, वहाँ अब अधिकारी और डेटा ऑपरेटर खुद पहुँच रहे हैं। विशेष रूप से ‘नियद नेल्लानार’ (आपका अच्छा गाँव) योजना के तहत आने वाले गाँवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आंकड़ों में सफलता (जनवरी से 23 अप्रैल 2026 तक):
पिछले चार महीनों में सुशासन एक्सप्रेस ने हजारों ग्रामीणों के जीवन को सुगम बनाया है:
आधार सेवा: 1,951 नए आधार कार्ड और 10,682 आधार अपडेट (बायोमेट्रिक सहित) किए गए।
स्वास्थ्य एवं कल्याण: 259 आयुष्मान कार्ड और 306 श्रम कार्ड जारी किए गए।

दस्तावेज: 676 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, 514 राशन कार्ड, 168 जाति प्रमाण पत्र और 104 आय प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए गए।
अन्य सेवाएँ: पीएम सम्मान निधि, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन और मतदाता पंजीकरण (फॉर्म-6) जैसी सेवाएँ भी प्रदान की गईं।
इन गांवों में पहली बार पहुँचा प्रशासन
झारावाही, कंदाकाड़ी, कोरगे, पांगुड़, माढ़ोनार, रयनार, कोरेंडा, तोयनार और छिनारी जैसे गांव, जो कभी घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण कटे हुए थे, अब इस सेवा नेटवर्क का हिस्सा हैं। प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने कहा, “सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से हमारा लक्ष्य दूरदराज के क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएँ सीधे पहुँचाना है। आवेदनों की रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। पहचान पत्र, स्वास्थ्य और आजीविका सहायता सुनिश्चित कर हम क्षेत्र में स्थिरता और विकास की नींव रख रहे हैं।”
मुख्यमंत्री का संदेश:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “सुशासन एक्सप्रेस सुशासन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य है कि हर पात्र नागरिक को बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ मिले। हम प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।”
नारायणपुर की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच ‘सुशासन एक्सप्रेस’ न केवल सेवाएँ पहुँचा रही है, बल्कि विकास की एक नई इबारत लिख रही है।
