राजनांदगांव 30 अप्रैल । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिल्हरी ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता साबित की है। शाला का इस वर्ष का कुल परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा, जहाँ कक्षा 12वीं में 91.2% और कक्षा 10वीं में 93.1% विद्यार्थी सफल रहे। इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

हायर सेकेंडरी: प्रतिभा ने किया टॉप
कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) की परीक्षा में विद्यालय का दबदबा कायम रहा। इस वर्ष दर्ज कुल 57 विद्यार्थियों में से 52 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। कु. प्रतिभा (पिता तिजुराम) ने अपनी कड़ी मेहनत से 440 अंक अर्जित कर 88% के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विशेष बात यह रही कि उत्तीर्ण होने वाले 52 छात्रों में से 34 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 16 ने द्वितीय श्रेणी और 2 ने तृतीय श्रेणी में स्थान बनाया।
हाईस्कूल: रौनक वर्मा ने 90% अंकों के साथ मारी बाजी
वहीं कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) के परिणामों में भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र रौनक वर्मा (पिता डेनिश वर्मा) ने 540 अंक प्राप्त कर 90% के साथ स्कूल में टॉप किया। 10वीं बोर्ड में इस वर्ष कुल 102 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 95 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इनमें 49 छात्र प्रथम श्रेणी, 45 द्वितीय श्रेणी और 1 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ।
प्राचार्य ने दी बधाई
संस्था के प्राचार्य श्री चैतराम वर्मा जी ने इन परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समस्त शाला परिवार ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए हार्दिक बधाई दी है।
