मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में कार्यकर्ताओं संग बांटी खुशियां
रायपुर/राजनांदगांव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता की धमक छत्तीसगढ़ में भी जोर-शोर से सुनाई दी। राजनांदगांव के मोतीपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस विजय का अनूठा उत्सव मनाया।

जीत का ‘बंगाली’ स्वाद
इस जश्न की खास बात रही बंगाल का प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन ‘झालमुड़ी’। जीत की खुशी में मुख्यमंत्री साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय और महापौर मधुसूदन यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया। सरसों तेल, मसालों और मूंगफली से तैयार इस चटपटे स्वाद ने राजनांदगांव में बंगाल की संस्कृति और जीत के उल्लास को एक सूत्र में पिरो दिया।

जनता ने तुष्टिकरण को नकारा: मुख्यमंत्री साय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बंगाल का यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा— “बंगाल की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि अब देश में केवल विकास और सुशासन की राजनीति चलेगी। वहां के लोगों ने भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को सिरे से नकार कर राष्ट्रनिर्माण की राह चुनी है।”

नए भारत का उदय
मुख्यमंत्री ने इस जीत को विचारधारा की जीत बताते हुए कहा कि यह बदलाव की वह लहर है जो देश को जोड़ने और सशक्त बनाने का काम करेगी। राजनांदगांव में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां ढोल-नगाड़ों के बीच ‘जय श्री राम’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से माहौल गुंजायमान रहा।
