छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा का निधन, हैदराबाद में चल रहा था इलाज; सीएम साय ने जताया शोक
रायपुर/कांकेर 17 मई । छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा का निधन, हैदराबाद में चल रहा था इलाज; सीएम साय ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष और कांकेर जिले के दिग्गज भाजपा नेता श्री भरत मटियारा का निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी और आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बस्तर संभाग सहित पूरे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा कर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने लिखा:
“छत्तीसगढ़ ‘मछुआ कल्याण बोर्ड’ के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने मछुआ समुदाय के कल्याण हेतु सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”
संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति
भरत मटियारा कांकेर जिले के एक बेहद सरल स्वभाव और जनसरोकारों से सीधे जुड़े हुए जनप्रिय नेता थे। करीब एक महीने पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से लगातार उनका इलाज जारी था। उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। भाजपा छत्तीसगढ़ संगठन ने उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
