सूरजपुर/रायपुर, 21 मई 2026: सूरजपुर जिला अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ; 9 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
सूरजपुर जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज ‘सुशासन तिहार’ के विशेष अवसर पर जिला चिकित्सालय सूरजपुर में नवनिर्मित अत्याधुनिक 32-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, सीजीएमएससी (CGMSC) तथा मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष (CMPHTF) के संयुक्त प्रयासों से इस हाई-टेक सुविधा को लगभग 449.99 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस आधुनिक मशीन के आने से आम नागरिकों को गंभीर बीमारियों का सटीक, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
अंबिकापुर रेफर होने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति
अब तक सूरजपुर जिले में सीटी स्कैन की सुविधा न होने के कारण मरीजों को जांच के लिए अंबिकापुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोट (हेड इंजरी) या स्ट्रोक जैसी आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को बाहर भेजने से उनका कीमती समय बर्बाद होता था। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों पर भारी आर्थिक बोझ भी पड़ता था। जिला अस्पताल में ही यह सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
इन गंभीर बीमारियों की हो सकेगी सटीक जांच
इस अत्याधुनिक 32-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन के चालू होने से अब अस्पताल में ही कई जटिल और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की तुरंत जांच संभव होगी। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोट (हेड इंजरी)
- मस्तिष्क में रक्तस्राव (ब्रेन हैम्रेज) या खून का थक्का जमना
- कैंसर, ट्यूमर और स्ट्रोक (पैरालिसिस) की समय पर पहचान
- छाती के गंभीर संक्रमण और पेट की जटिल बीमारियां
- मिर्गी (Epilepsy) और न्यूरोलॉजिकल समस्याएं
9 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा सीधा फायदा
इस नई सुविधा के शुरू होने से सूरजपुर जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, सूरजपुर से लगे पड़ोसी जिलों के सीमावर्ती गांवों के मरीजों को भी अब इलाज और जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। खास बात यह है कि निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों की तुलना में जिला अस्पताल में यह सीटी स्कैन बेहद रियायती और कम दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
यह सुविधा सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
