अब नहीं रहा आंधी-तूफान का खौफ: बड़ेकनेरा में CM साय ने खुद कराया गरीब परिवार का गृह प्रवेश

कोंडागांव (बड़ेकनेरा) 1 जून । कच्चे मकान की टपकती छत, आंधी-तूफान का खौफ और असुरक्षा के साए में कटती रातें अब कोंडागांव के ग्राम बड़ेकनेरा निवासी चमन लाल पवार के परिवार के लिए बीते दिनों की बात हो गई हैं। ‘सुशासन तिहार’ के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं चमन लाल के नवनिर्मित पक्के मकान में सपरिवार गृह प्रवेश कराया। इसके साथ ही इस परिवार का अपने सुरक्षित आशियाने का बरसों पुराना सपना साकार हो गया।

यह आवास पूरे बस्तर संभाग के लिए एक मिसाल बन गया है। यह संभाग का पहला ऐसा प्रधानमंत्री आवास है, जिसे ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ से जोड़ा गया है।

आंसुओं की जगह चेहरे पर मुस्कान: हितग्राही की जुबानी

गृह प्रवेश के भावुक क्षणों में हितग्राही चमन लाल पवार ने अपने पुराने दिनों के संघर्ष को याद किया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार सालों से मिट्‌टी के कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। मानसून के दौरान छत से पानी टपकता था। तेज आंधी और खराब मौसम में पूरा परिवार डर के मारे रात भर सो नहीं पाता था। बच्चों और परिवार की सुरक्षा की चिंता हमेशा सताती थी। चमन लाल ने कहा, “पक्का मकान मिलने से हमारे जीवन को नई सुरक्षा और सम्मान मिला है। अब हम बिना किसी डर के चैन की नींद सो सकते हैं।”

बस्तर संभाग का पहला अनूठा ‘सोलर’ प्रधानमंत्री आवास

चमन लाल पवार का यह नया घर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल विकास का प्रतीक बना है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने इस मकान की छत पर ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। इससे परिवार को न सिर्फ पक्की छत मिली है, बल्कि अब उन्हें बिजली बिल से भी हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। यह बस्तर संभाग का पहला ऐसा प्रयोग है जहां दो बड़ी केंद्रीय योजनाओं का लाभ एक साथ एक ही छत के नीचे दिया गया है।

योजनाओं के त्रिवेणी संगम से बदला जीवन

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आत्मीय मुलाकात के दौरान चमन लाल और उनके परिजनों ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। परिवार ने बताया कि उनके जीवन को संवारने में शासन की तीन प्रमुख योजनाओं की बड़ी भूमिका रही है:

  • प्रधानमंत्री आवास योजना: जिसने कच्चे मकान के डर को खत्म कर पक्का और सुरक्षित आशियाना दिया।
  • महतारी वंदन योजना: जिसने परिवार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया।
  • पीएम सूर्य घर योजना: जिसने घर को मुफ्त बिजली और रोशनी से सराबोर कर दिया।

इस गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने परिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *