जशपुर के लिए बड़ी सौगात: नई रेल लाइन को मंजूरी, सीएम ने कहा- ‘थैंक यू पीएम मोदी’

रायपुर/जशपुर 14 जून : जशपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण: धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन को जल्द मिलेगी मंजूरी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार

छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला आजादी के बाद से अब तक रेल सुविधा से वंचित था। लेकिन अब इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लोगों का ट्रेन का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। धरमजयगढ़ से जशपुर होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्र सरकार से इस परियोजना को जल्द ही हरी झंडी मिलने वाली है।

इस बड़ी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने खुद की थी पहल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि उन्होंने जशपुर जिले में रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से मुलाकात की थी। उन्होंने केंद्र सरकार को इस क्षेत्र की जरूरत से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि केंद्र सरकार ने इस मांग पर बहुत तेजी से काम किया है। अब इस रेल मार्ग को बहुत जल्द मंजूरी मिलने जा रही है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री के अनुसार, धरमजयगढ़ से जशपुर होते हुए लोहरदगा तक रेल मार्ग जुड़ने से पूरे इलाके की तस्वीर बदल जाएगी। ट्रेन शुरू होने से यहाँ के लोगों को आने-जाने में सीधी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे। कृषि और वनोपज को दूसरे राज्यों की मंडियों तक आसानी से पहुँचाया जा सकेगा। यह रेल लाइन हर दृष्टिकोण से क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

जनता की तरफ से दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए राज्य की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ के उन इलाकों तक विकास पहुँच रहा है, जो सालों से पीछे छूटे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *