घर बैठे 24 घंटे में किसान को मिला खाद-बीज, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी वरदान

रायपुर/सरगुजा 16 jun: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 लोगों की समस्याओं को तुरंत दूर कर रही है। सरगुजा जिले के ग्राम सराईटीकरा के किसान राजनाथ राजवाड़े के साथ जो हुआ, वह इसका बड़ा उदाहरण है। प्रशासन ने उनकी एक कॉल पर सिर्फ 24 घंटे में बड़ी समस्या हल कर दी।

खेत में मिली जानकारी, दो घंटे में पहुंचे अफसर

किसान राजनाथ राजवाड़े आने वाली खरीफ फसल के लिए खाद और बीज का इंतजाम करने को लेकर परेशान थे। एक दिन खेत में बैल चराने के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में पता चला। उन्होंने तुरंत फोन कर अपनी परेशानी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन तेजी से काम में जुट गया। महज दो घंटे के अंदर कृषि विभाग के बड़े अधिकारियों ने किसान से फोन पर बात की और सीधे उनके घर पहुंच गए।

बैंक बंद होने पर भी अगले दिन खुला खाता

अधिकारियों ने घर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि सरकारी नियम के अनुसार खाद-बीज पाने के लिए सहकारी बैंक में खाता और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) होना जरूरी है। किसान के पास यह नहीं था। अधिकारियों ने खुद आगे बढ़कर किसान की मदद की। उस समय बैंक बंद होने का समय हो चुका था। इसलिए अधिकारियों ने अगले ही दिन सुबह सहकारी बैंक ले जाकर किसान का खाता खुलवाया, पासबुक दिलाई और जरूरी कागज जमा करवाए।

24 घंटे में मिला KCC और खाद-बीज

खाता खुलते ही बहुत कम समय में किसान का क्रेडिट कार्ड (KCC) बनकर तैयार हो गया। कार्ड बनते ही राजनाथ को तुरंत जरूरत के मुताबिक खाद और बीज दे दिए गए। इसके साथ ही अब उन्हें आगे खेती के लिए लोन और नगद पैसा मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है।

दफ्तरों के चक्कर से मिली मुक्ति, जताया आभार

बिना किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर काटे घर बैठे काम होने से किसान राजनाथ राजवाड़े बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, “मैंने हेल्पलाइन पर फोन किया और 24 घंटे में मेरा पूरा काम हो गया। मुझे खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा। अफसरों ने घर आकर मेरी मदद की।” राजनाथ ने इस नेक काम के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का दिल से धन्यवाद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *