राशनकार्ड तथा पेंशन आदि से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न हो : वन मंत्री अकबर

श्री अकबर ने सहसपुर लोहारा के जनपद पंचायत सदस्यों तथा पार्षदों से की चर्चासहसपुर लोहारा के सतनामी पारा में होगा तालाब का निर्माणकोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान में सहयोग देने की अपीलसहसपुर लोहारा में सर्वमांगलिक भवन तथा सामुदायिक भवन का निर्माण प्रगति पर
     रायपुर, 24 मई 2021/वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने आज राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के सभी पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने वर्चुअल बैठक में चर्चा करते हुए शासन द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाए जाने के लिए कहा। इसी तरह उन्होंने वार्डो में हर व्यक्ति का राशनकार्ड और पात्रतानुसार आवासीय पट्टा बनाकर उसका जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की इन महत्वपूर्ण योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न हो, इसका विशेष ध्यान रखें। इस अवसर पर सहसपुर लोहारा के जनपद पंचायत सदस्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
वन मंत्री श्री अकबर ने चर्चा करते हुए जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा में वर्तमान में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ रोजगार मूलक कार्यों को भी प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए जनपद पंचायत में विभिन्न मदों के अंतर्गत उपलब्ध राशि को शीघ्रता से जारी करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने आगे चर्चा करते हुए कहा कि सभी जनपद पंचायत सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में राशन तथा पेंशन आदि हितग्राही मूलक योजनाओं के सुव्यस्थित संचालन पर भी सतत निगरानी रखें और इसका सभी पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाएं। 
इसी तरह वन मंत्री श्री अकबर ने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने वार्डों के नियमित साफ-सफाई तथा स्वच्छता पर भी सतत रूप से निगरानी रखने के लिए कहा। उन्होंने जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के सतनामी पारा में शीघ्र ही एक तालाब का निर्माण होने की जानकारी दी। वर्तमान में नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में सर्व मांगलिक भवन, कांजी हाऊस तथा गंधर्व सामुदायिक भवन का निर्माण प्रगति पर है। वन मंत्री श्री अकबर ने कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में कोरोना नियंत्रण के उपायों पर प्रभावी अमल सुनिश्चित करें। साथ ही वे वहां वार्ड में जरूरत के मुताबिक मरीजों का तत्परता से इलाज के लिए हर संभव मदद पहंुचाएं। इसके अलावा कोरोना संकट के इस दौर में आवश्यकता के अनुरूप अपने-अपने वार्ड में सूखा राशन तथा निःशुल्क दवा आदि के वितरण के लिए भी आवश्यक पहल करें, जिससे जरूरतमंद लोगों को भोजन तथा दवाई आदि के लिए कोई असुविधा न हो। वन मंत्री श्री अकबर ने कोरोना से बचाव के लिए वर्तमान में संचालित टीकाकरण अभियान में भी सभी पदाधिकारियों को भरपूर सहयोग देने के लिए कहा।                                                                                                   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *