प्राकृतिक हरीतिमा से भरपूर प्रदेश के सरगुजा संभाग के मैनपाट में भाजपा का त्रि-दिवसीय ‘सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग’ संपन्न

प्राकृतिक हरीतिमा से भरपूर प्रदेश के सरगुजा संभाग के मैनपाट में भाजपा का त्रि-दिवसीय ‘सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग’ संपन्न हुआ। निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण भाजपा की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण अंग है। पार्टी में मंडल इकाई से लेकर राष्ट्रीय कार्यकारिणी तक के नियमित प्रशिक्षण की परंपरा है। कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के लिए विभिन्न स्तर पर सतत् आयोजित होने वाले ऐसे वर्ग से पार्टी की रीति-नीति, कार्यक्रम और कार्ययोजना समेत विभिन्न ज्वलंत विषयों पर भी भाजपाजनों का प्रबोधन और मार्गदर्शन होता है। अपने-अपने दायित्वों में व्यस्त कार्यकर्ताओं के एक साथ रुकने रहने, सहभोज से आपसी समझ, सामंजस्य बढ़ता है। रिश्ते मजबूत होते हैं, हम सभी एक परिवार का अंग हैं, पार्टी के प्रति यह परिवार भाव भी सुदृढ़ होता है।

इसी सातत्य में पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित मैनपाट प्रशिक्षण वर्ग अत्यधिक उपयोगी रहा। तीन दिन तक चले इस वर्ग में अनेक सत्रों में राष्ट्रीय नेताओं, विषय विशेषज्ञों के उद्बोधन से जन प्रतिनिधि लाभान्वित हुए। इस प्रशिक्षण का लाभ हम सभी को अपने दायित्व की दृष्टि से मिलेगा। हमारी कार्यप्रणाली को और अधिक बेहतर बनाने में इससे सहायता मिलेगी।

इस सुरुचिपूर्ण आयोजन के लिए प्रदेश भाजपा को बधाई। हमारे राष्ट्रीय नेताओं का आभार कि उन्होंने इस वर्ग के लिए समय निकाला। साथ ही सरगुजा संभाग, विशेषकर सीतापुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं और व्यवस्था में लगे सभी दायित्ववानों को हार्दिक धन्यवाद और शुभकामनाएँ।

-श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *