रायपुर, 29 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज रविवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान वे अरपा रिवर व्यू के पास नवनिर्मित अटल परिसर में 26.93 करोड़ की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे में मजबूती आएगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता श्रद्धेय स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेेयी अपराजेय योद्धा थे। वे कुशल वक्ता के साथ-साथ अच्छे पत्रकार एवं साहित्यकार थे। विपक्ष के लोग भी उनका भाषण सुनते थे।
बिलासपुर में अरपा नदी तट पर आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के संकल्प के कारण ही 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हुआ। उन्होंने वाजपेई जी को एक महान नेता, कुशल वक्ता, साहित्यकार और दूरदर्शी प्रधानमंत्री बताते हुए उनके योगदान को अमिट बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में “अटल परिसर” विकसित किए जा रहे हैं तथा विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार होने की बात कही और बताया कि अरपा तट के दोनों ओर सड़क निर्माण सहित कई बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और अन्य विकास योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
श्री साय ने “मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना” का उल्लेख करते हुए बताया कि कोरोना काल के लंबित बिजली बिलों से राहत देने के लिए सरकार द्वारा सैकड़ों करोड़ रुपये की छूट दी जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं और किसानों को लाभ मिलेगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे बस्तर क्षेत्र में तेजी से विकास संभव हो रहा है।
अंत में मुख्यमंत्री ने जनता से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने सभी नागरिकों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व में शहर का तेजी से विकास हो रहा है और बिलासपुर नई पहचान की ओर अग्रसर है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, भूमि उपलब्ध हो गई है तथा नाइट लैंडिंग सुविधा के लिए भी स्वीकृति मिल गई है, जिसका लोकार्पण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों को बजट में शामिल कर विकास कार्यों को गति दी है। साथ ही महापौर द्वारा रखी गई मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा जताया। केन्द्रीय मंत्री ने लगभग 26.93 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन को बिलासपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अंत में कहा कि इन परियोजनाओं से बिलासपुर एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में उभर रहा है।
विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में बढ़ते यातायात की दबाव को ध्यान में रखते हुए शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण किया जाएगा। बिलासपुर शहर में पेेयजल के लिए वर्तमान में खूंटाघाट जलाशय से पानी आता है। अब भविष्य में पाराघाट ंिसंचाई परियोजना से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए विधायक ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता के रूप में सदैव याद किए जाते रहेंगे। हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे। इस सूत्र वाक्य को अपनाकर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय प्रदेश की जनता की निरंतर सेवा कर रहे हैं। इस मौके पर महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने भी सम्बोधित किया।
समारोह में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
