मुख्यमंत्री की सख्ती का असर: पत्थलगांव-कुनकुरी सड़क मरम्मत कार्य में आई तेजी, कार्यपालन अभियंता को कुनकुरी में ही रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री की सख्ती का असर: पत्थलगांव-कुनकुरी सड़क मरम्मत कार्य में आई तेजी, कार्यपालन अभियंता को कुनकुरी में ही रहने के निर्देश

रायपुर/कुनकुरी 5 मई :
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कड़े रुख के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच अधूरी सड़क के मरम्मत कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। हाल ही में बलरामपुर में आयोजित सरगुजा संभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस सड़क की जर्जर हालत और काम में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी।

वर्षा ऋतु से पहले सुधार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा था कि सड़क खराब होने के कारण आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मानसून के आगमन को देखते हुए उन्होंने इस मार्ग का सुधार कार्य तत्काल प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

प्रमुख अभियंता ने जारी किए आदेश
मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख अभियंता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत के प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दे दी है। जारी निर्देश के अनुसार, यह कार्य जोनल एजेंसी के माध्यम से जल्द शुरू किया जाएगा। यदि जोनल एजेंसी उपलब्ध नहीं होती है, तो संभाग के अन्य प्रचलित अनुबंधों के तहत कार्य पूरा कराया जाएगा ताकि समय की बचत हो सके।

अफसरों की अब ‘ग्राउंड जीरो’ पर तैनाती
कार्य की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के लिए शासन ने कड़ा कदम उठाया है। अंबिकापुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया है कि वे सड़क मरम्मत का कार्य पूरा होने तक अपना मुख्यालय कुनकुरी में ही रखें। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने और कार्यों की सतत निगरानी करने की सख्त हिदायत दी गई है।

आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट कर दिया है कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस त्वरित पहल से पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग पर सफर करने वाले हजारों लोगों को बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लंबित इस सुधार कार्य के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों में खुशी की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *