मुख्यमंत्री जन चौपाल: ‘सुशासन तिहार’ को मिल रहा जनता का भारी समर्थन, समस्याओं का मौके पर हो रहा निराकरण

रायपुर 5 मई : छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी कम होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान को लेकर प्रदेश की जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अभियान की सफलता साझा करते हुए बताया कि ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्रदेश की जनता का रिस्पॉन्स उम्मीद से कहीं अधिक सकारात्मक है। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों के भीतर उन्होंने स्वयं प्रदेश के 6 जिलों का सघन प्रवास किया है। इस दौरान आयोजित ‘जन चौपाल’ कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में ग्रामीण और शहरी नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं।

मौके पर समाधान और योजनाओं का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल जनता से मिलना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जन चौपाल के माध्यम से हम सीधे आम आदमी से जुड़ रहे हैं। इससे न केवल लोगों की शिकायतों का निराकरण हो रहा है, बल्कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी फीडबैक भी मिल रहा है।”

6 जिलों का धुआंधार दौरा
विगत 48 घंटों में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 6 अलग-अलग जिलों का दौरा कर प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। जन चौपाल में प्राप्त फीडबैक के आधार पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार करने और पारदर्शिता बरतने की सख्त हिदायत दी है।

सुशासन की ओर बढ़ते कदम
मुख्यमंत्री श्री साय ने जोर देकर कहा कि ‘सुशासन तिहार’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जनता से मिल रहे इस प्रेम और विश्वास से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ की जनता वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *