रायपुर/बिलासपुर: घायल होने के बाद भी नहीं मानी हार: बिलासपुर की शिविका पांडेय बनीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियन
रायपुर के सरोना में आयोजित ‘प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स रैंकिंग चैंपियनशिप’ (9-10 मई 2026) में बिलासपुर की नन्हीं खिलाड़ी शिविका पांडेय ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। गंभीर चोट के बावजूद शिविका ने न केवल प्रतियोगिता पूरी की, बल्कि ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीतकर बिलासपुर का मान बढ़ाया।

चोट को मात देकर जीता सोना
बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 6वीं की छात्रा शिविका ने 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की ‘ट्वॉय इनलाइन स्केट’ स्पर्धा में भाग लिया था। प्रतियोगिता के पहले दिन 400 मीटर रेस के दौरान वे दुर्घटनावश गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। दर्द के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और रेस पूरी कर कांस्य पदक (Bronze) अपने नाम किया। अगले दिन, चोट की परवाह किए बिना उन्होंने 200 मीटर रेस में हिस्सा लिया और अपनी रफ्तार का जादू बिखेरते हुए स्वर्ण पदक (Gold) हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें अपने आयु वर्ग में ‘ओवरऑल चैंपियन’ घोषित किया गया।

परिवार और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर
रॉयल स्केटिंग क्लब में प्रशिक्षण ले रहीं शिविका की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और खेल जगत में हर्ष व्याप्त है। शिविका के माता-पिता दोनों ही चिकित्सा जगत से जुड़े हैं। उनकी माता डॉ. श्वेता पांडेय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं और पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय बिलासपुर में बालरोग विभागाध्यक्ष हैं।
स्वर्ण प्राशन और बेहतर स्वास्थ्य का उदाहरण
विशेष बात यह है कि शिविका स्वयं ‘स्वर्ण प्राशित’ (आयुर्वेदिक इम्युनिटी बूस्टर प्राप्त) हैं। उनके पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए नियमित रूप से स्वर्ण प्राशन शिविरों का आयोजन करते हैं। शिविका की इस शारीरिक और मानसिक मजबूती को उनके नियमित प्रशिक्षण और आयुर्वेद आधारित जीवनशैली का सुखद परिणाम माना जा रहा है।
