बैकुंठपुर (कोरिया) 21 मई । कोरिया में सुशासन तिहार: सीएम विष्णु देव साय ने सहायक आयुक्त को किया सस्पेंड, पीएम आवास और शिक्षा व्यवस्था पर जताई सख्त नाराजगी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया जिले में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह कदम सहायक आयुक्त के कामकाज में लगातार मिल रही लापरवाही और शिकायतों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए उठाया।

लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस की कार्रवाई
सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आम जनता की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच सहायक आयुक्त आयुष प्रताप सिंह के खिलाफ कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने और शासकीय कार्यों को समय पर पूरा न करने की कई शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए सीएम साय ने मंच से ही कड़ा रुख अख्तियार किया और अधिकारी को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता के कार्यों में ढिलाई और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएम आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश
विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएयू) की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताया। उन्होंने जिले के आला अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के कार्यों में तत्काल तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, “जितने भी पात्र हितग्राही हैं, उनके आवास निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का सीधा लाभ मिल सके।”
खराब परीक्षा परिणामों पर बिफरे मुख्यमंत्री, कलेक्टर को टास्क
बैठक में जब शिक्षा विभाग की समीक्षा की गई, तो जिले का परीक्षा परिणाम अपेक्षानुसार नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने गहरी अप्रसन्नता और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा की गिरती गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कोरिया कलेक्टर को फटकार लगाई और शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एक विस्तृत व ठोस कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए। सीएम साय ने जोर देकर कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके सुधार के लिए धरातल पर ठोस प्रयास दिखने चाहिए।
