मुख्यमंत्री साय का बड़ा आरोप- शिक्षा जैसे गंभीर विषय पर राजनीति कर रहे राहुल गांधी

रायपुर 29 मई । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री साय ने राहुल गांधी पर शिक्षा जैसे गंभीर विषय पर सस्ती राजनीति करने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मुद्दे पर पहले आधे-अधूरे तथ्य उछालती है, फिर जनता के बीच भ्रम फैलाकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि वे कम से कम शिक्षा के नाम पर इस तरह की ओछी राजनीति न करें।

कांग्रेस शासित राज्यों पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े हालिया विवाद का हवाला देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सीबीएसई के संदर्भ में जिस निजी एजेंसी पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, उसी कंपनी को कांग्रेस शासित राज्यों—तेलंगाना और कर्नाटक—के विश्वविद्यालयों और सरकारी संस्थानों ने कई बार काम सौंपा है। इतना ही नहीं, कांग्रेस सरकारों ने उस एजेंसी के काम की आधिकारिक सराहना भी की है।

कांग्रेस से मांगा सीधा जवाब
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस आलाकमान से इस दोहरे मापदंड पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस को अब देश के सामने यह साफ करना चाहिए कि क्या उनकी अपनी राज्य सरकारें गलत थीं, या फिर कांग्रेस खुद राहुल गांधी के इस बयान को गलत मानती है? मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संवेदनशील और गंभीर विषय पर भी कांग्रेस का तथ्यों से परे गैर-जिम्मेदार रवैया बेहद दुखद है।

युवा नहीं बनेंगे प्रोपेगेंडा का हिस्सा
विष्णुदेव साय ने दृढ़ता के साथ कहा कि देश के करोड़ों युवा कांग्रेस के इस राजनीतिक प्रोपेगेंडा का हिस्सा कभी नहीं बनेंगे। युवा सच्चाई को अच्छी तरह समझते हैं। राजनीतिक लाभ के लिए देश की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य को लेकर भ्रम फैलाना बंद होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *