#SushasanTihar2026: चेरपाल में सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई सुबह!

रायपुर/चेरपाल, 3 जून 2026चेरपाल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्व-सहायता समूहों को सौंपी टाटा मैजिक वाहनों की चाबियां
सुशासन तिहार 2026 के अवसर पर ग्राम चेरपाल में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की एक नई तस्वीर देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने विकासखंड कुआकोंडा और कटेकल्याण के 8 संकुल स्तरीय संगठनों की महिलाओं को ‘आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना’ (AGEY) के अंतर्गत टाटा मैजिक सवारी वाहनों की चाबियां सौंपी और हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।

ग्रामीण परिवहन और आजीविका को मिलेगी नई रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ‘आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना’ का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना और ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए साधन तैयार करना है। योजना के तहत दिए गए प्रत्येक टाटा मैजिक वाहन के लिए सरकार द्वारा लगभग 5 लाख रुपये की अनुदान सहायता (सब्सिडी) दी गई है। इन वाहनों के सड़क पर उतरने से स्व-सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को हर महीने एक निश्चित और नियमित आय मिलेगी।

41 हजार से अधिक परिवार हुए आत्मनिर्भर

शिविर में ‘बिहान’ योजना की सफलताओं को साझा करते हुए बताया गया कि जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जमीनी स्तर पर बड़े प्रयास चल रहे हैं। वर्तमान में जिले के 41 हजार 110 परिवारों को अलग-अलग स्व-सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है। ये महिलाएं कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम, वनोपज प्रसंस्करण (Minor Forest Produce Processing) जैसी आय बढ़ाने वाली गतिविधियों से जुड़कर खुद को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

गांवों का शहरों और बाजारों से सीधे जुड़ेगा संपर्क

मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाए गए इन वाहनों से सुदूर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती परिवहन सेवा मिलेगी। अब ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों को जिला मुख्यालय, बड़े बाजारों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी। वाहन संचालन और इसके प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में होने से उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और समाज में उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल व स्वावलंबी भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *