रायपुर 7 जून । छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आगामी 13 जून को अपने कार्यकाल के ढाई वर्ष पूरे करने जा रही है। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य की जनता को सुरक्षा और सुशासन का बड़ा भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून का राज हर हाल में कायम रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “13 जून को हमारी सरकार के ढाई साल पूरे होने वाले हैं। इन ढाई वर्षों में कहीं भी कोई अपराध हुआ है, तो उसकी सख्ती से जांच की गई है और आवश्यक कार्रवाई की गई है। कोई भी दोषी है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”
कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस नीति
मुख्यमंत्री साय ने साफ किया कि राज्य सरकार अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प पर काम कर रही है। पिछले ढाई सालों में पुलिस और प्रशासन को खुली छूट दी गई है ताकि वे बिना किसी राजनीतिक दबाव के काम कर सकें। राज्य के किसी भी कोने में हुई आपराधिक घटनाओं पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। अपराधियों को पकड़कर जेल भेजा गया है।
हर वर्ग को सुरक्षा का भरोसा
सरकार के ढाई साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री का यह बयान राज्य के नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता है। साय सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे। मुख्यमंत्री ने यह भी चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वाले व्यक्ति की पहचान चाहे जो हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा भुगतनी होगी।
विकास और सुशासन के ढाई साल
विष्णु देव साय सरकार के ढाई साल के इस सफर को सुशासन और विकास के मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। एक तरफ जहां राज्य में बुनियादी ढांचे, खेती और आदिवासी कल्याण के काम तेजी से हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ कानून व्यवस्था को मजबूत करके जनता का विश्वास जीता गया है। आगामी 13 जून को सरकार अपनी इन सभी बड़ी उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी।
