रायपुर में 29 जून को लगेगी ‘डाक अदालत’, डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर होगा निपटारा

रायपुर 17 जून । रायपुर में 29 जून को लगेगी ‘डाक अदालत’, डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर होगा निपटारा
छत्तीसगढ़ परिमण्डल के डाक उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमण्डल रायपुर द्वारा आगामी 29 जून 2026 (सोमवार) को परिमण्डल स्तर पर “डाक अदालत” का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत शाम 04.00 बजे शुरू होगी। इसमें डाक सेवाओं से परेशान ग्राहक सीधे बातचीत (प्रत्यक्ष परिचर्चा) या वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अपनी शिकायतों का तुरंत समाधान पा सकेंगे।

इन सेवाओं से जुड़ी शिकायतों की होगी सुनवाई
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अदालत में ग्राहकों की हर छोटी-बड़ी समस्या को सुना जाएगा। इसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित सेवाओं से संबंधित शिकायतों का निपटारा होगा:

  • डाक वस्तुओं (चिट्ठी/पार्सल) के वितरण में देरी या गड़बड़ी
  • पोस्ट ऑफिस काउंटरों पर मिलने वाली सेवाएं
  • लघु बचत योजनाएं (जैसे- आरडी, बचत बैंक खाता, बचत पत्र आदि)
  • रजिस्ट्री, व्हीपी पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल और स्पीड पोस्ट
  • मनीआर्डर की राशि न मिलना या देरी होना
  • डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) से जुड़े मामले

24 जून दोपहर 2 बजे तक दे सकते हैं आवेदन
डाक विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनकी कोई शिकायत लंबे समय से लंबित है, तो वे उसका पूरा विवरण तैयार कर लें। ग्राहक अपनी लिखित शिकायत 24 जून 2026 को दोपहर 02.00 बजे तक मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय, रायपुर में जमा कर सकते हैं। विभाग ने साफ किया है कि इस तय तारीख और समय के बाद मिलने वाली शिकायतों को इस डाक अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा।

यहाँ होगा आयोजन
इस डाक अदालत का भौतिक (ऑफलाइन) आयोजन कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमण्डल, रायपुर जीपीओ बिल्डिंग, द्वितीय तल, जय स्तंभ चौक रायपुर स्थित कार्यालय में किया जाएगा। जो उपभोक्ता सीधे नहीं आ सकते, वे वर्चुअल माध्यम से भी इस चर्चा का हिस्सा बन सकेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *