रायपुर 28 जून।
कच्चे घर के खौफ से मुक्ति, बैगा परिवार के जीवन में आया खुशियों का नया सवेरा
पीएम जनमन योजना से बदला पंडरीपानी के कृष्णा बैगा का नसीब; बरसात की सीलन और सांप-बिच्छुओं के डर से मिली हमेशा के लिए निजात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंच रही है। इसका सबसे बड़ा और जीवंत उदाहरण गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले के सुदूर ग्राम पंचायत पंडरीपानी में देखने को मिला है। यहाँ के निवासी कृष्णा बैगा का परिवार, जो पीढ़ियों से बुनियादी सुख-सुविधाओं और एक सुरक्षित छत के लिए तरस रहा था, आज प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की बदौलत अपने खुद के पक्के आशियाने में मुस्कुरा रहा है।

पीढ़ियों का दर्द: सीलन, टपकती छत और जहरीले जीवों का साया
कृष्णा बैगा का परिवार वर्षों से एक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। वनांचल क्षेत्र होने के कारण मानसून के चार महीने उनके लिए किसी सजा से कम नहीं होते थे। बरसात आते ही मिट्टी की दीवारें पानी सोखकर दरकने लगती थीं, छत से लगातार पानी टपकता था और रातें जागकर काटनी पड़ती थीं। इससे भी बड़ा खतरा जंगलों से आने वाले सांप और बिच्छुओं का था, जो कच्चे घर की दरारों में आसानी से घुस जाते थे। ऐसे खौफनाक और असुरक्षित माहौल में सम्मानजनक जीवन जीना बैगा परिवार के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती बना हुआ था।
योजनाओं के अभिसरण (Convergence) से मुकम्मल हुआ सपना
केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय ने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया। ‘प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना’ के तहत कृष्णा बैगा का पक्का मकान स्वीकृत हुआ। इस योजना की सबसे खास बात इसका बहुआयामी स्वरूप रहा। कृष्णा को मकान निर्माण के लिए न केवल सीधी वित्तीय सहायता मिली, बल्कि इस परियोजना को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और ‘मनरेगा’ (MGNREGA) जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा गया। इसके तहत घर में शौचालय का निर्माण सुनिश्चित हुआ और रोजगार के रूप में मजदूरी का भुगतान भी मिला। सभी योजनाओं के इस बेहतरीन तालमेल से कृष्णा बैगा का सपनों का पक्का घर तय समय में पूरी तरह बनकर तैयार हो गया।
“अब डर नहीं, सुकून से कटती हैं रातें” — कृष्णा बैगा
अपने नए और पक्के आशियाने की चौखट पर खड़े कृष्णा बैगा की आँखों में अब एक अलग ही चमक और आत्मविश्वास दिखाई देता है। भावुक होते हुए कृष्णा बताते हैं, “अब बरसात आ जाए तो भी हमें दीवारों की सीलन की कोई चिंता नहीं होती। छत से पानी टपकने का डर हमेशा के लिए खत्म हो गया है। सबसे बड़ी राहत यह है कि अब सांप-बिच्छुओं का खौफ नहीं सताता। इस पक्के घर ने हमारे पूरे परिवार को समाज में एक नया सम्मान और सुरक्षा की गारंटी दी है।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार
कृष्णा बैगा ने इस अभूतपूर्व बदलाव के लिए प्रदेश के मुखिया श्री विष्णु देव साय के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की है। उन्होंने कहा, “पक्का घर मिलने से हमारे पूरे परिवार की जिंदगी बदल गई है। अब हम बिना किसी डर, चिंता और परेशानी के अपने घर में सुकून की नींद सो रहे हैं। हमारी सुध लेने और वनांचल के गरीबों को यह सम्मान देने के लिए मैं मुख्यमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद करता हूँ।”
प्रधानमंत्री जनमन (PM-JANMAN) योजना देश के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही एक महत्वाकांक्षी योजना है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार इस योजना के तहत बैगा, बिरहोर, कमार, पहाड़ी कोरवा और अबुझमाड़िया जैसे जनजातीय समूहों को पक्के आवास, शुद्ध पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी 11 गंभीर बुनियादी सुविधाएं उनके गांवों तक पहुंचा रही है।
