बम्हनीडीह नगर पंचायत में कल सजेगा शपथ ग्रहण का भव्य मंच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिलाएंगे संकल्प

जांजगीर-चांपा/रायपुर, 1 जुलाई 2026:
जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत बम्हनीडीह में लोकतंत्र के नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। बम्हनीडीह के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह कल यानी 2 जुलाई (गुरुवार) को आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10:30 बजे से आई.टी.आई. ग्राउंड में होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रमेश कुमार डडसेना और सभी नव-निर्वाचित पार्षद पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।

दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

बम्हनीडीह का यह शपथ ग्रहण समारोह बेहद हाई-प्रोफाइल होने जा रहा है, जिसमें राज्य सरकार के शीर्ष चेहरे शिरकत कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरीय प्रशासन एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में जिले के प्रभारी व वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब और जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मंच साझा करेंगे। बम्हनीडीह के इतिहास में यह पहली बार है जब स्थानीय निकाय के शपथ ग्रहण में इतनी बड़ी संख्या में कैबिनेट स्तर के नेता पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा और तैयारियों के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े चक्रव्यूह तैयार किए हैं। आई.टी.आई. ग्राउंड में विशाल वाटरप्रूफ डोम और भव्य मंच तैयार किया गया है। नगर पंचायत प्रशासन और स्थानीय नागरिकों में इस समारोह को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। शहर को तोरण-ध्वज और स्वागत द्वारों से पाट दिया गया है।

जनता को नई सरकार से बड़ी उम्मीदें

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और उनकी टीम के कंधों पर अब बम्हनीडीह के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम से बम्हनीडीह को बुनियादी सुविधाओं, सड़कों, पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिल सकती हैं। प्रशासन ने आम जनता और कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे तक आयोजन स्थल पर स्थान ग्रहण करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *