दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन

रायपुर 3 नवम्बर।

सेकरसा मैदान डब्ल्यू आर एस कालोनी,रायपुर में 01 नवंबर को शाम 5 बजे तीन दिवसीय 15वीं अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता (पुरूष एवं महिला) 2025 का समापन मुख्य अतिथि महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर माननीय श्री तरुण प्रकाश जी के कर कमलों से सम्पन्न हुआ। ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी के नयनाभिराम माहौल ने उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आगंतुकों का मन मोह लिया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के लिए मुख्यालय से महाप्रबंधक महोदय श्री तरुण प्रकाश, अध्यक्षा सेक्रो/दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं अध्यक्ष/दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ श्री मनीष अग्रवाल, प्रधान मुख्य वित्त सलाहकार श्री मोहम्मद जावेद मजहर समेत बहुत से अधिकारी एवं खेल प्रतिनिधि उपस्थित थे।सेकरसा रायपुर द्वारा सभी सम्माननीय अतिथियों का स्वागत ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ किया गया। मंचासीन होने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद जी एवं अध्यक्षा सेक्रो रायपुर श्रीमती शिखा सिंह के द्वारा महाप्रबंधक, अध्यक्ष सेकरसा, अध्यक्षा सेक्रो, पी एफ ए एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का प्लांटर देकर स्वागत किया।

स्वागत समारोह के पश्चात सभी अतिथियों के सम्माननीय उपस्थिति में कुछ कैटेगरी के फाइनल मुकाबलें सम्पन्न हुए। महाप्रबंधक समेत समस्त अधिकारियों ने खिलाड़ियों से तीरंदाजी खेल के नियमों को बारीकी से समझने का प्रयास किया साथ ही धनुष बाण हाथ में लेकर दो दो हाथ भी आजमाया। टूर्नामेंट के आकर्षण ओलम्पियन व अर्जुन पुरस्कार विजेता सुश्री डोला बैनर्जी एवं श्री राहुल बैनर्जी, ओलम्पियन सुश्री लक्ष्मी रानी माँझी, वर्ल्ड चैंपियन बिलासपुर संभाग के पलटन हसदा, एशियाई स्वर्ण पदक विजेता तृषा देवी, एशियाई पदक विजेता मधुमिता कुमारी, कपिल व परवीना से भी महाप्रबंधक महोदय एवं अतिथियों ने सौजन्य भेंट की और उनके अनुभवों को साझा किया। मैदान पर ही उन्होंने टूर्नामेंट को संचालित करने झारखंड से आए मुख्य पर्यवेक्षक श्री एल मूर्ति एवम खेल संघ बिलासपुर से आए तीरंदाजी प्रतिनिधि श्री ई जैकब, भोपाल से आए श्री अजय जैन व अन्य मैच रेफ़री से भेंट की।

पुरस्कार वितरण समारोह में एल ई डी के माध्यम से उद्घाटन समारोह एवं प्रतियोगिता की झलकियों को मनमोहक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसी बीच प्रतियोगिता का थीम सांग “ओ सिंकदर ओ सिकंदर” पूरे माहौल में जोश भरने का काम कर रहा था। वरिष्ठ खेल अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग ने अपने भाषण में बताया कि किस तरह मात्र 15 दिनों के अल्प सूचना पर मंडल रेल प्रबंधक के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता सफलता पूर्वक सम्पन्न किया। उन्होंने यह भी बताया कि भाग लेने आए सभी 12 जोन के 68 खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिनिधियों के ठहरने, आवागमन, खाने पीने की ऐसी सर्वोत्तम व्यवस्था की गई थी कि सभी लोगों ने उन्मुक्त कंठ से आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा की। साथ ही टूर्नामेंट के शुभंकर “बस्तर पहाड़ी मैना” के संरक्षण हेतु भी लोगों को प्रेरित किया।

महाप्रबंधक महोदय श्री तरुण प्रकाश जी ने अपने संक्षिप्त अभिभाषण में सभी खिलाड़ियों का अभिवादन किया और विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रायपुर मंडल को इतनी अल्प अवधि में इतने बड़े आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सेकरसा रायपुर की भूरि भूरि प्रशंसा की। इसके बाद महाप्रबंधक महोदय के करकमलों से एकल कैटेगरी के 8 स्पर्द्धाओं के कुल 24 विजेताओं को और टीम कैटेगरी के 3 स्पर्धाओं के 22 विजेताओं को पुरस्कार किया गया। पुरस्कार के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त किए खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ₹5000/- नगद राशि, द्वितीय स्थान पर आए खिलाड़ियों को सिल्वर मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ₹3000/- राशि व तृतीय स्थान पर आए खिलाड़ियों को ब्रोंज मेडल व प्रशस्ति पत्र दिया गया।

ईस्टर्न रेलवे ने सबसे ज्यादा 7 स्वर्ण, 3 रजत और 2 ब्रॉन्ज मेडल्स के साथ टीम चैंपियनशिप का खिताब एवं ट्रॉफी अपने नाम की। नॉर्दर्न रेलवे ने 2 स्वर्ण, 3 रजत और 2 ब्रॉन्ज के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त की और चितरंजन लोकोमोटिवेट वर्क्स ने 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 ब्रॉन्ज मेडल के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंत में खेल सचिव श्री दीपक प्रधान ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के साथ टूर्नामेंट को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने में मदद करने वाले सभी विभागों, सहयोगियों एवं खेल संघ के सदस्यों का धन्यवाद दिया। साथ ही श्री प्रधान में टूर्नामेंट के आयोजन के लिए विशेष सहयोग प्रदान करने के लिए अपने स्पोंसर्स को भी धन्यवाद दिया। जिसमें मुख्य रूप से मेसर्स आभा पावर एंड स्टील लिमिटेड, मेसर्स एम एस तायल एंड कंपनी, मित्तल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल, रायपुर, आर पी पी – सत्यमूर्ति(जेवी),रायपुर, श्री नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, यूनियन बैंक व उर्मिला हॉस्पिटल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *