जांजगीर-चांपा 16 मई । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शनिवार को ‘सुशासन तिहार’ के तहत अचानक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोसला पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण (सरप्राइज विजिट) से जहां एक तरफ स्थानीय प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों में भारी उत्साह और उल्लास देखा गया।
हेलिकॉप्टर देखते ही उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
जैसे ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर ग्राम कोसला में उतरा, स्थानीय अधिकारियों को भनक तक नहीं थी। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर जिला प्रशासन और पामगढ़ विकासखंड के अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। इधर, मुख्यमंत्री के आगमन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर एकत्र हो गईं और उन्होंने मुख्यमंत्री का आत्मीय और पारंपरिक स्वागत किया।
शासन की योजनाओं का जमीनी हकीकत जानने पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री साय ने गांव में पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राशन वितरण, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्कूल-आंगनबाड़ी के कामकाज का जायजा लिया। इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि ‘सुशासन’ का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंच रहा है या नहीं।
लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि जनता के कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौकों पर मौजूद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से साफ है कि राज्य में सुशासन को लागू करने के लिए मैदानी स्तर पर लगातार ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
