रायपुर 19 मई : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (रिटायर्ड) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को देश और सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेजर जनरल (रिटा.) भुवन चंद्र खंडूरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवाओं से लेकर सार्वजनिक जीवन तक, खंडूरी जी का संपूर्ण व्यक्तित्व राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह समर्पित रहा।
सीएम साय ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, “ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
लंबे समय से बीमार थे खंडूरी
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का 91 वर्ष की आयु में देहरादून के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे अपनी सादगी, ईमानदारी और सुशासन के लिए भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान रखते थे। उनके निधन से पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और भाजपा परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।
