जगदलपुर 19 मई । जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक: सीएम विष्णु देव साय ने किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत, कहा- नक्सलवाद छोड़ अब शांति और सुशासन की मिसाल बना बस्तर
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर बस्तर के बदलते स्वरूप को रेखांकित करते हुए कहा कि बस्तर की गौरवशाली धरती आज एक ऐतिहासिक बदलाव की गवाह बन रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा, “कभी नक्सलवाद की चुनौती से जूझता रहा बस्तर आज शांति, सुरक्षा और सुशासन के नए विश्वास के साथ देश के सामने एक सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल बनकर उभर रहा है। यह महत्वपूर्ण बैठक इस बात का सशक्त प्रमाण है।”
बस्तर की नई पहचान को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि जगदलपुर में आयोजित यह उच्च स्तरीय बैठक बस्तर की नई पहचान को वैश्विक और राष्ट्रीय पटल पर और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि यह अवसर बस्तर में विकास, जनविश्वास, लोकतांत्रिक भागीदारी और यहां के समृद्ध सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सशक्त करने वाला साबित होगा।
इस बैठक में मध्य क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों के बीच आपसी समन्वय, बुनियादी ढांचे के विकास, सुरक्षा और जन-कल्याणकारी योजनाओं पर गहन मंथन किया जा रहा है। बस्तर जैसी जगह पर इस स्तर की बैठक का होना यह साबित करता है कि क्षेत्र में सुरक्षा के हालात तेजी से सुधरे हैं और अब यह इलाका विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह जुड़ चुका है।
