रायपुर 20 मई । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले– ‘प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी 140 करोड़ भारतीयों का अपमान’
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ ‘गद्दार’ जैसे शब्दों का प्रयोग करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मुख्यमंत्री साय ने इसे राहुल गांधी की हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता का परिचायक बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने बयान में कहा कि लंबे समय से सत्ता से दूर रहने की निराशा के कारण कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघ रही है। उन्होंने कहा, “जिस कुशल और दृढ़ नेतृत्व ने आतंकवाद व नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर देश की सुरक्षा को अभूतपूर्व मजबूती दी है और भारत को विश्व मंच पर एक सम्मानित, सशक्त व निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया है, उनके खिलाफ ऐसी घृणित टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। यह लोकतांत्रिक रूप से चुने गए शीर्ष नेतृत्व और 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का सीधा अपमान है।”
मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पदों की गरिमा को राष्ट्र की गरिमा से जोड़ते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में अशिष्ट, अपमानजनक और अतिवादी भाषा का प्रयोग हमारे गौरवशाली लोकतंत्र की परंपरा के खिलाफ है। यह बोलने वाले की राजनीतिक परिपक्वता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
उन्होंने अंत में चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस का यह गैर-जिम्मेदाराना, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र-विरोधी आचरण देश की जागरूक जनता कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।
