रायपुर 26 मई : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा संपन्न: दिल्ली CM और भाजपा आलाकमान से हुई अहम मुलाकातें
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तीन दिवसीय दिल्ली दौरा संपन्न हो गया है और वे आज, 26 मई (मंगलवार) को राजधानी रायपुर लौट रहे हैं। उनके इस दौरे को प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात, सुशासन पर साझा किए अनुभव
दौरे के मुख्य एजेंडे के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की. इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने, सुशासन, शहरी विकास (Urban Development) और जनहित से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने सार्वजनिक सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर अपने अनुभव साझा किए.
बीजेपी आलाकमान से संगठनात्मक चर्चा
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दिल्ली में भाजपा आलाकमान और केंद्रीय वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की. इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों, केंद्र-प्रायोजित योजनाओं की प्रगति और राज्य से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर सांगठनिक चर्चा हुई.
आधिकारिक टूर प्रोग्राम के अनुसार मुख्यमंत्री के लौटने का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:
- दोपहर 12:55 बजे: छत्तीसगढ़ सदन, नई दिल्ली से कार द्वारा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे ।
- दोपहर 01:25 बजे: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नई दिल्ली।
- दोपहर 02:25 बजे: इंडिगो एयर की नियमित फ्लाइट (6E-6312) से रायपुर के लिए उड़ान।
- शाम 04:15 बजे: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर आगमन।
- शाम 04:25 बजे: रायपुर एयरपोर्ट से कार द्वारा सीधे नवा रायपुर के लिए प्रस्थान।
- शाम 04:40 बजे: सीएम हाउस (सेक्टर 24, नवा रायपुर अटल नगर) आगमन उनका समय आरक्षित है।
रायपुर लौटते ही कैबिनेट की अहम बैठक
दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में कैबिनेट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे. राज्य में चल रहे ‘सुशासन तिहार’ के बीच होने वाली इस बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने के संकेत हैं.
