भिखमपुरा में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, सुशासन तिहार के तहत चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़ 5 जून : भिखमपुरा में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, सुशासन तिहार के तहत चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार अभियान के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सुदूर ग्रामीण अंचल ग्राम भिखमपुरा का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वामी शिवानंद विद्यापीठ एवं गौसेवा आश्रम परिसर स्थित श्री पंचमुखी दक्षिणाभिमुख सिद्ध हनुमान मंदिर में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने संकटमोचन हनुमान जी से छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और राज्य की निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामना की।

जनता के द्वार पहुंच रही सरकार: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और सुशासन की स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन सीधे लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जिससे सरकार के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

गौसेवा आश्रम में सजी चौपाल, सीधे संवाद से जानी जमीनी हकीकत
भिखमपुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने गौसेवा आश्रम परिसर में आयोजित चौपाल में बैठकर ग्रामीणों से सीधा और आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने खुद आगे बढ़कर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के कड़े निर्देश दिए। चौपाल में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और किसान उन्नति योजना के जमीनी क्रियान्वयन का फीडबैक भी सीधे हितग्राहियों से लिया।

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों का सतत दौरा
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इन दिनों सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों का निरंतर दौरा कर रहे हैं। इस अभियान के जरिए वे सीधे आमजन से संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं के जमीनी स्तर पर हो रहे क्रियान्वयन का निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस जमीनी दौरे और सहज व्यवहार से वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *