रायपुर, 27 मई :रूपनारायण सिन्हा के निधन पर मुख्यमंत्री साय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा—’संगठन और समाजसेवा के प्रति समर्पण सदैव रहेगा स्मरणीय’
छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ स्वयंसेवक और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री श्री रूपनारायण सिन्हा का निधन हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित उनके निवास पहुंचकर पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और दुःख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
अपूरणीय क्षति: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा का स्नेह, सरलता, संगठन क्षमता और समाज के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने संगठन, जनसेवा, योग और भारतीय संस्कृति के संवर्धन में जो उल्लेखनीय योगदान दिया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा। उनका जाना भाजपा परिवार, संगठन और पूरे प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
