दिल्ली अग्निकांड: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग से 21 की मौत, सीएम विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक

नई दिल्ली/रायपुर, 3 जून (2026): देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर (हौजरानी) इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ नामक एक होटल/B&B में सुबह करीब 8:45 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 37 से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

विदेशी नागरिकों की संख्या अधिक, छत्तीसगढ़ से हताहत की खबर नहीं
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतकों में अधिकांश संख्या विदेशी नागरिकों की है, जो मुख्य रूप से अफ्रीका और सेंट्रल एशिया के रहने वाले थे। इसके अलावा कुछ लोग अन्य राज्यों से दिल्ली में इलाज कराने आए हुए थे। राहत की बात यह है कि इस हादसे में छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के प्रभावित होने की कोई आधिकारिक सूचना अब तक सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
इस भीषण हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा, “दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में आग की दुर्घटना में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकसंतप्त परिवारों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। ॐ शांति!”

शॉर्ट सर्किट और नियमों की अनदेखी बनी वजह
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग से बाहर निकलने का केवल एक ही संकरा रास्ता था, जहां आग लगी हुई थी, जिसके कारण लोग अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने दूसरी और तीसरी मंजिल की खिड़कियों से नीचे छलांग भी लगाई। प्रशासन ने होटल में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और अवैध निर्माण को लेकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *