विशेष संवाददाता,29 मई रायपुर/बेमेतरा। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू 31 मई को सामूहिक विवाह मंच पर रचाएंगे शादी; मुख्यमंत्री साय ने बताया सादगी की अनूठी मिसाल

छत्तीसगढ़ की राजनीति में वीआईपी कल्चर को छोड़ सादगी और जन-सरोकार की एक ऐसी अनूठा मिसाल सामने आ रही है, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में है। बेमेतरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्री दीपेश साहू आगामी 31 मई 2026 को अपने जीवन का सबसे बड़ा निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करने जा रहे हैं। एक जनप्रतिनिधि द्वारा भारी-भरकम और शाही खर्चों से दूर रहकर, अपने ही क्षेत्र की गरीब बेटियों के साथ उसी मंडप में सात फेरे लेने के इस फैसले की चारों तरफ सराहना हो रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक दीपेश साहू के इस ऐतिहासिक निर्णय की मुक्तकंठ से सराहना की है। मुख्यमंत्री ने इसे समाज के लिए एक बड़ा और प्रेरक संदेश बताते हुए नवदम्पति को अपनी अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
बेसिक स्कूल मैदान में सजेगा मंडप, 23 जोड़ों के साथ लेंगे फेरे
यह भव्य और गरिमामय आयोजन 31 मई को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में संपन्न होने जा रहा है। इस जिला स्तरीय मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू क्षेत्र के 23 अन्य साधारण जोड़ों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं।
बैलगाड़ी से निकलेगी बारात, पारंपरिक अंदाज में होगा स्वागत
इस विवाह की सबसे खास बात इसकी सादगी होगी। मिली जानकारी के अनुसार, विधायक दीपेश साहू की बारात किसी महंगी लग्जरी गाड़ियों के काफिले के बजाय छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण अस्मिता के प्रतीक ‘बैलगाड़ी’ पर सवार होकर निकलेगी। यह अनूठा प्रयास छत्तीसगढ़ी परंपराओं को सहेजने और आम जनमानस से सीधे जुड़ने के संकल्प को दर्शाता है।
अनावश्यक आडंबर पर चोट, सामाजिक समरसता को बल: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक के इस कदम को रेखांकित करते हुए कहा, “जब कोई जनप्रतिनिधि अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन को चुनता है, तो वह केवल विवाह नहीं करता, बल्कि समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू द्वारा शासकीय सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने का निर्णय सादगी, सामाजिक समरसता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति गहरे विश्वास का प्रतीक है। यह कदम समाज को यह कड़ा संदेश देता है कि विवाह जैसे पावन संस्कार को अनावश्यक तड़क-भड़क, दिखावे और आडंबर के बजाय संस्कारों, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों से जोड़ा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता बनेंगे घराती-बाराती
इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए प्रदेश की तमाम बड़ी राजनीतिक हस्तियां बेमेतरा पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक वर-वधू को आशीर्वाद देने घराती और बाराती के रूप में शामिल होंगे।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा यह कदम
सीएम साय ने विश्वास जताया है कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का यह जमीन से जुड़ा फैसला आने वाले समय में प्रदेश के लाखों युवाओं और परिवारों को एक नई दिशा दिखाएगा। इससे लोग फिजूलखर्ची छोड़कर सरल, सुलभ और संस्कारित जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। मुख्यमंत्री ने दीपेश साहू और उनकी होने वाली जीवनसंगिनी के सुखद और मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना करते हुए उन्हें अपनी अग्रिम बधाई और आशीर्वाद दिया है।
