रायपुर, 29 मई 2026: नियद नेल्ला नार योजना 2.0: बस्तर के सुदूर अंचलों में पहुंचेगा विकास, हर पात्र ग्रामीण को मिलेगा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ
छत्तीसगढ़ सरकार माओवादी प्रभावित और सुदूर वनांचलों के ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के दूसरे चरण (2.0) के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य वामपंथ उग्रवाद से मुक्त हुए क्षेत्रों में रहने वाले हर एक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ (सैचुरेशन) पहुंचाना है।

पहले चरण की सफलता के बाद बढ़ा दायरा
उच्च स्तरीय बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, योजना के पहले चरण (1.0) में बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों के सुरक्षा कैंपों के पास स्थित गांवों को लक्षित किया गया था। तब ग्रामीणों तक 25 व्यक्तिगत और 14 सामुदायिक सुविधाएं पहुंचाई गई थीं। पहले चरण की भारी सफलता को देखते हुए अब ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है। नए चरण में ग्रामीणों को 31 व्यक्तिगत हितग्राही मूलक योजनाएं, 14 सामुदायिक योजनाएं और 10 अनिवार्य सेवाएं सीधे उनके घर तक पहुंचाई जाएंगी।
डोर-टू-डोर सर्वे से तैयार होगा डेटाबेस
इस विशेष अभियान के तहत सुदूर अंचलों के हर परिवार और पात्र ग्रामीण का एक विस्तृत डेटा तैयार किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि प्रशासनिक जटिलताओं के कारण कोई भी ग्रामीण अधिकारों से वंचित न रहे। इसके लिए बस्तर के संवेदनशील इलाकों में शिविर लगाकर मौके पर ही ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज बनाए जाएंगे।
इन प्रमुख योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ:
- पहचान व आवश्यक दस्तावेज: सभी पात्र हितग्राहियों के आधार कार्ड, वोटर आईडी, श्रम कार्ड, जाति, जन्म, निवास, मृत्यु और ई-डब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।
- सामाजिक सुरक्षा: ग्रामीणों को मनरेगा जॉब कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांगता पेंशन से जोड़ा जाएगा।
- आवास, भोजन व पेयजल: प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन के तहत घरेलू नल कनेक्शन, राशन कार्ड और मुफ्त राशन वितरण योजना का लाभ मिलेगा।
- स्वास्थ्य व पोषण: आयुष्मान भारत कार्ड, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण, जननी सुरक्षा योजना, मिशन इंद्रधनुष के तहत शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
- महिला सशक्तिकरण: महिलाओं के लिए संचालित प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना और छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाया जाएगा।
- कृषि व वित्तीय समावेशन: किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), मृदा स्वास्थ्य कार्ड और हर नागरिक के लिए प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोले जाएंगे।
- शिक्षा व कौशल विकास: समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूली बच्चों को निःशुल्क गणवेश (यूनिफॉर्म) व पाठ्यपुस्तकें दी जाएंगी। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही पात्र परिवारों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र भी सौंपे जाएंगे।
बदलेगी वनांचलों की तस्वीर, विकसित होंगी 14 सामुदायिक सुविधाएं
सुदूर वनांचलों के विकास और बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को मजबूत करने के लिए गांवों में 14 प्रमुख सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत गांवों में नए आंगनबाड़ी केंद्र, उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं, उचित मूल्य की राशन दुकानें, पक्की सड़कें, मोबाइल कनेक्टिविटी (टावर), डाकघर, वन धन विकास केंद्र, सामान्य सेवा केंद्र (CSC), पंचायत भवन और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर नए कॉलेजों की स्थापना भी की जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल बस्तर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में न केवल सुरक्षा के माहौल को मजबूत करेगी, बल्कि विकास की नई किरण पहुंचाकर ग्रामीणों के जीवन स्तर में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।
