रायपुर में पीपीपी मॉडल से बदलेंगी बुनियादी सुविधाएं: जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, नया ट्रांसपोर्ट नगर और वर्ल्ड-क्लास कन्वेंशन सेंटर को हरी झंडी

रायपुर, 2 जून 2026: रायपुर में पीपीपी मॉडल से बदलेंगी बुनियादी सुविधाएं: जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, नया ट्रांसपोर्ट नगर और वर्ल्ड-क्लास कन्वेंशन सेंटर को हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, वाणिज्यिक गतिविधियों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए आज एक बड़ी बैठक संपन्न हुई। मंत्रालय (महानदी भवन) में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) की सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। इस बैठक में राज्य की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। सरकार इन सभी मेगा प्रोजेक्ट्स को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करेगी।

बैठक में लिए गए मुख्य फैसले और महत्वपूर्ण परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

  • रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क: राजधानी रायपुर के मंडी रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में एक सर्व-सुविधायुक्त रत्न एवं आभूषण पार्क (Raipur Gems and Jewelry Park) बनाया जाएगा। यह पार्क स्थानीय और बाहरी आभूषण व्यापारियों के लिए एक बड़ा व्यापारिक केंद्र बनेगा।
  • बिलासपुर में नया विशाल ट्रांसपोर्ट नगर: बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए एक बड़ा ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। इस परिसर में विशाल गोडाउन, लॉजिस्टिक्स हब, बड़ी पार्किंग स्पेस, ऑटो रिपेयरिंग सेंटर और ट्रक चालकों के लिए विश्राम गृह (रेस्ट एरिया) जैसी आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
  • नवा रायपुर में वर्ल्ड-क्लास कन्वेंशन सेंटर: नया रायपुर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े कॉर्पोरेट इवेंट्स, ग्लोबल बिजनेस मीट और बड़ी प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए एक विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में बिजनेस टूरिज्म (व्यापारिक पर्यटन) को बढ़ावा देना और इसे देश के प्रमुख बिजनेस हब के रूप में स्थापित करना है।

उच्च स्तरीय बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण मूल्यांकन बैठक में नीति निर्धारण और कानूनी पहलुओं पर चर्चा के लिए कई विभागों के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, नीति आयोग के सदस्य सचिव श्री आशीष भट्ट और वित्त विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा सहित CSIDC के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *