विश्व पर्यावरण दिवस पर तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर बनी विशाल मानव श्रृंखला

रायपुर, 6 जून 2026। रायपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर बनी विशाल मानव श्रृंखला, उमड़ा जनसैलाब

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक और संरक्षित तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) पर एक बड़ा आयोजन हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा की अपील पर शहर की कई बड़ी संस्थाएं एक साथ आगे आईं। पर्यावरण को बचाने और लोगों को जागरूक करने के लिए यहाँ एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई।

इस मुहिम में छत्तीसगढ़ तर्कशील परिषद्, अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति, ग्रीन आर्मी (अमलीडीह चैप्टर) और ब्रेक थ्रू सोसायटी जैसी सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

‘प्रकृति से प्रेरित’ थीम पर दिया संदेश

यह खास कार्यक्रम इस वर्ष की तय थीम “प्रकृति से प्रेरित- बेहतर जलवायु और बेहतर भविष्य के लिए” पर आधारित था। मानव श्रृंखला में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रकृति को बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘जंगल बचाओ, पानी बचाओ, हवा बचाओ’ और ‘जमीन व जिंदगी बचाओ’ के नारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि साल 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ के स्टॉकहोम सम्मेलन में पर्यावरण दिवस मनाने का संकल्प लिया गया था। तब से हर साल दुनिया भर में इसे एक नई थीम के साथ मनाया जाता है।

हर वर्ग के लोगों ने मिलाया हाथ

इस सफल आयोजन में समाज के हर वर्ग के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षाविदों, रंगकर्मियों और जागरूक नागरिकों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर मानव श्रृंखला बनाई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण की रक्षा, जीव-जंतुओं के बचाव और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने की शपथ ली।

ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस जागरूकता अभियान में शहर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से:

  • विभागीय जांच आयुक्त दिलीप वासनिकर एवं नेहा वासनिकर
  • रायपुर संभाग के पूर्व कमिश्नर कर्मवीर महादेव कावरे
  • छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष विश्वास मेश्राम
  • वरिष्ठ पर्यावरणविद उमा प्रकाश ओझा
  • जैविक खेती विशेषज्ञ लक्ष्मीकांत अग्रवाल
  • कृषि वैज्ञानिक अश्वनी बंजारा
  • शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहलता हुमने
  • अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र
  • ग्रीन आर्मी से अमिताभ दुबे
  • तर्कशील परिषद् के डॉ. रमेश सुखदेवे
  • लेखक डॉ. संजीव खुदशाह
  • रंगकर्मी रतन गोंडाने, बेनीराम गायकवाड़, महेंद्र बागड़े और मिथुन बंजारे सहित सैकड़ों पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *