रायपुर 8 जून । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जोरा द मॉल (PVR सिनेमा) में सोमवार को बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री और भाजपा सांसद सुश्री कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। फिल्म निर्माताओं के विशेष अनुरोध पर इस फिल्म के पहले शो के लिए छत्तीसगढ़ को चुना गया, जिसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कंगना रनौत और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और सुश्री कंगना रनौत के बीच एक शिष्टाचार मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की धरती पर कंगना जी का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक साथ बैठकर इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखी। मुख्यमंत्री श्री साय ने फिल्म में सुश्री कंगना रनौत के अभिनय की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कंगना जी ने इस फिल्म में एक नर्स के रूप में बहुत ही जीवंत, संवेदनशील और प्रभावशाली भूमिका निभाई है।
26/11 हमले की वीर नर्सों की सच्ची कहानी है फिल्म
यह फिल्म साल 2008 में मुंबई में हुए 26/11 के भीषण आतंकवादी हमले के दौरान कामा अस्पताल में घटी एक सच्ची घटना पर आधारित है। जब पाकिस्तानी आतंकवादियों ने अस्पताल को निशाना बनाया, तब वहां तैनात नर्सों ने अपनी जान दांव पर लगाकर अद्भुत साहस और बहादुरी का परिचय दिया था। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह गोलियों की बौछार के बीच इन स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों की सेवा की और सैकड़ों मासूमों की जान बचाई।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह फिल्म हमारे देश की उन गुमनाम नायिकाओं (नर्सों) के सर्वोच्च बलिदान और सेवा को एक सच्ची श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की सफलता के लिए सुश्री कंगना रनौत और पूरी निर्माण टीम को बधाई देते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। रायपुर आगमन पर मेयर मीनल चौबे और विधायक अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कंगना रनौत का भव्य स्वागत भी किया।
