रायपुर, 14 जून 2026। छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई वाली खबर पूरी तरह फर्जी: लोक शिक्षण संचालनालय
छत्तीसगढ़ में नया शैक्षणिक सत्र (2026-27) अपने तय समय यानी 16 जून 2026 से ही शुरू होगा। सोशल मीडिया पर स्कूल 1 जुलाई से खुलने की जो खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह से झूठी और फर्जी हैं। सरकार ने साफ किया है कि लोग ऐसी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें।

लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के संचालक ने 12 जून 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। इस पत्र के मुताबिक, राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 16 जून दिन मंगलवार से पूरी तरह खुल जाएंगे और पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
पिछले कुछ दिनों से व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक खबर फैल रही थी। इसमें दावा किया जा रहा था कि गर्मी को देखते हुए स्कूल अब 1 जुलाई से खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने इस खबर को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।
विभाग ने विद्यार्थियों, माता-पिता और आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की बिना जांच की गई खबरों पर भरोसा न करें। स्कूल खुलने से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल शिक्षा विभाग के आधिकारिक बयानों को ही सच मानें। 16 जून से सभी स्कूलों में नए सत्र की रौनक लौट आयेगी।
