रायपुर/जशपुर 14 जून । जशपुर के विकास को लगेंगे पंख: धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन विशेष परियोजना घोषित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
जशपुर अंचल में खुलेंगे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के नए रास्ते
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के इतिहास में विकास का एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार के साझा प्रयासों से लंबे समय से प्रतीक्षित धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। केंद्र सरकार ने इस रेल लाइन को ‘विशेष रेल परियोजना’ के रूप में अधिसूचित (नोटिफाई) कर दिया है। इस बड़े फैसले के साथ ही जशपुर जिले को सीधे देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

खुलेंगे तरक्की के नए द्वार
यह रेल परियोजना जशपुर और आसपास के वनांचल क्षेत्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। प्राकृतिक संसाधनों, जड़ी-बूटियों और असीम संभावनाओं से समृद्ध जशपुर अंचल अब तक रेल सेवा से दूर था। इस नई रेल लाइन के बिछने से यह पूरा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से सीधे जुड़ जाएगा। इससे न केवल लोगों का सफर आसान होगा, बल्कि शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, पर्यटन और व्यापार के क्षेत्र में भी क्रांतिकारी बदलाव आएगा। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
इस बड़ी सौगात पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना वनांचल की प्रगति, खुशहाली और यहां के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की एक बेहद मजबूत आधारशिला बनेगी।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों के अनुसार, इस रेल लाइन के शुरू होने से जशपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे देश-विदेश के पर्यटक यहाँ आ सकेंगे। साथ ही, स्थानीय किसानों और छोटे व्यापारियों को अपनी उपज और सामान बड़े बाजारों तक कम लागत में पहुँचाने में मदद मिलेगी। यह परियोजना आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली साबित होगी।
