35 साल, 545 गांव: दंतेवाड़ा की ‘बड़ी दीदी’ डॉ. बुधरी ताती से मिले सीएम साय, सेवा भाव को सराहा

रायपुर, 28 जून 2026दंतेवाड़ा की ‘बड़ी दीदी’ डॉ. बुधरी ताती ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात; सीएम साय बोले— “35 साल तक पैदल चलकर 545 गांवों में अलख जगाने वाली दीदी का सेवा भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने सौजन्य मुलाकात की। हाल ही में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से अलंकृत होने के बाद डॉ. ताती की मुख्यमंत्री से यह पहली भेंट थी। इस गरिमय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान, बस्तर की लोक संस्कृति के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में डॉ. ताती के चार दशक से अधिक लंबे जमीनी संघर्ष की सराहना की।

पैदल नापे बस्तर के बीहड़, जानलेवा हमले भी नहीं डिगा पाए हौसला

मुख्यमंत्री श्री साय ने डॉ. बुधरी ताती के असाधारण जीवन संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा जिले के हीरानार गांव की रहने वाली ‘बड़ी दीदी’ का सफर हर किसी के लिए अनुकरणीय है। मात्र 15 वर्ष की उम्र से समाज सेवा की राह चुनने वाली डॉ. ताती ने बस्तर के सुदूर नक्सल प्रभावित और दुर्गम वनांचलों में लगभग 35 वर्षों तक पैदल चलकर 545 से अधिक गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक चेतना की अलख जगाई है। विपरीत हालातों, विरोध और कई बार जानलेवा हमलों का सामना करने के बावजूद उन्होंने कभी अपने कदम पीछे नहीं खींचे।

500 से अधिक महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर, बेसहारा बुजुर्गों को दिया ठिकाना

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ताती ने ‘मां शंखिनी महिला उत्थान संस्था’ के माध्यम से बस्तर संभाग की 500 से अधिक आदिवासी महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई व अन्य रोजगारपरक कार्यों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। इसके साथ ही हीरानार में उनके द्वारा संचालित वृद्धाश्रम और अनाथ बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की जिम्मेदारी समाज के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को दर्शाती है।

आदिवासी वेशभूषा में राष्ट्रपति भवन पहुंच जीता था सबका दिल

मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि देश के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान समारोह में मॉडर्न कपड़ों के बजाय बस्तर की पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में पहुंचकर डॉ. बुधरी ताती ने अपनी जड़ों और संस्कृति के प्रति जो सम्मान दिखाया, उसने पूरे देश का दिल जीत लिया और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

डॉ. ताती ने की सरकार के प्रयासों की तारीफ

इस सौजन्य मुलाकात के दौरान पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनजातीय समाज के चहुंमुखी विकास, उनकी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने और वनवासी क्षेत्रों के उत्थान के लिए बेहद संवेदनशील और प्रभावी प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *