रायपुर28 जून । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर प्रदेशवासियों से एकजुट होकर इस जनअभियान को सफल बनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बच्चे की मुस्कान सुरक्षित रहे और हर बचपन स्वस्थ व खुशहाल रहे, यही सरकार और पूरे समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश के सभी माता-पिता और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के अपने प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद खुराक अवश्य पिलाएँ।

छत्तीसगढ़ को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री
स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में पल्स पोलियो अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “पोलियो की यह खुराक केवल एक दवा नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत सुरक्षा है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि देश और राज्य से पोलियो का उन्मूलन हो चुका है, लेकिन इस सुरक्षा चक्र को बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता और प्रयास जरूरी हैं।
जन-जन से भागीदार बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही। उन्होंने कहा, “आइए, हम सब अपने परिवार, पड़ोस और पूरे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस जनअभियान का हिस्सा बनें। आपका एक छोटा-सा प्रयास पोलियो मुक्त छत्तीसगढ़ और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण योगदान देगा।”
‘दो बूंद जिंदगी की’ का संकल्प
बचपन को अपंगता से बचाने और आने वाली पीढ़ी को सेहतमंद बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने ‘दो बूंद जिंदगी की’ के नारे के साथ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के लिए प्रदेशभर में विशेष बूथ बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को दवा पिलाने के लिए मुस्तैद हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि राज्य का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
