🚨 रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: रायपुर-बिलासपुर रूट पर 18-19 जुलाई को मेगा ब्लॉक; कोरबा, गेवरा और गोंदिया मेमू समेत 10 ट्रेनें प्रभावित, देखें पूरी लिस्ट

क्रॉनिकल ब्यूरो, रायपुर 14 जुलाई ।
रायपुर रेल मंडल के भाटापारा-हथबंध रेल खंड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी खबर है। अगर आप आगामी 18 या 19 जुलाई को ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। रेलवे प्रशासन द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (अधोसंरचना विकास) के तहत इस रूट पर एक बड़ा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण लोकल और मेमू ट्रेनों का पहिया थमा रहेगा।
🛠️ क्यों लिया जा रहा है ब्लॉक?
रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में आधुनिक ‘ऑटो सिग्नलिंग’ प्रणाली को शुरू करने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) का महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किया जाना है। रेलवे का दावा है कि इस काम के पूरा होते ही ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और आउटर पर ट्रेनों के फंसने की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। हालांकि, इस विकास कार्य के चलते दो दिनों तक यात्रियों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ेगी।
❌ सफर पर ब्रेक: ये 8 ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द (Cancelled Trains)
तकनीकी कार्य के चलते रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और गेवरा रोड के बीच चलने वाली निम्नलिखित 8 पैसेंजर व मेमू ट्रेनें अपने निर्धारित दिनों में पूरी तरह निरस्त रहेंगी:
- 18 एवं 19 जुलाई को रद्द रहने वाली ट्रेनें:
- गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर
- गाड़ी संख्या 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर
- गाड़ी संख्या 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर
- 18 जुलाई को रद्द रहने वाली ट्रेन:
- गाड़ी संख्या 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
- 19 जुलाई को रद्द रहने वाली ट्रेनें:
- गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- गाड़ी संख्या 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
- गाड़ी संख्या 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- गाड़ी संख्या 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर
🔄 बीच रास्ते में थमेंगे पहिए: बिलासपुर में शॉर्ट-टर्मिनेट होंगी ये गाड़ियां
गोंदिया और झारसुगुड़ा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेनों को रेलवे ने बिलासपुर स्टेशन पर ही रोकने (Short Terminate) का फैसला किया है। यानी ये ट्रेनें बिलासपुर से गोंदिया के बीच नहीं चलेंगी:
- झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू (68862): 18 एवं 19 जुलाई को झारसुगुड़ा से चलने वाली यह गाड़ी बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त हो जाएगी। बिलासपुर से गोंदिया के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
- गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू (68861): 18 एवं 19 जुलाई को यह गाड़ी गोंदिया के बजाय सीधे बिलासपुर स्टेशन से प्रारम्भ होकर झारसुगुड़ा जाएगी। गोंदिया से बिलासपुर के बीच यह रद्द रहेगी।
