रायपुर/कोसला 16 मई :
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का एक बेहद सादगी भरा अंदाज देखने को मिला है। मुख्यमंत्री अचानक ग्राम कोसला पहुंचे और बिना किसी तामझाम के गांव की चौपाल में ग्रामीणों के बीच बैठ गए। उन्होंने पीपल के पेड़ के नीचे बिछी एक साधारण खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री को इस तरह अपने बीच पाकर ग्रामीण बेहद उत्साहित और भावुक नजर आए।
सुशासन तिहार और सरकारी योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री श्री साय ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने ‘सुशासन तिहार’ के तहत सरकारी कामकाज की स्थिति और जनसमस्याओं के निवारण को लेकर लोगों से सीधा फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और किसान कल्याण योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।
दिग्गज नेता और आला अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे के दौरान राज्य के वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रशासनिक अमले से मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव श्री रजत बंसल भी चौपाल में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
सादगी ने जीता ग्रामीणों का दिल
आमतौर पर मुख्यमंत्रियों के दौरों में कड़े सुरक्षा घेरे और बड़े मंच दिखाई देते हैं, लेकिन ग्राम कोसला की चौपाल में मुख्यमंत्री की इस सादगी ने हर किसी का दिल जीत लिया। खाट पर बैठकर, ठेठ ग्रामीण अंदाज में लोगों की तकलीफें सुनने की इस पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी मुख्यमंत्री को इतने करीब से और इस तरह अपने बीच बैठकर बात करते देखा है।
