रायपुर 23 मई । नवा रायपुर में 25 मई से शुरू होगा ‘आकार-2026’ प्रशिक्षण शिविर, पारंपरिक शिल्प और विविध कलाओं का मिलेगा प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा पारंपरिक शिल्प कलाओं के संरक्षण, प्रचार-प्रसार और आम लोगों में जागरूकता व रुचि पैदा करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘आकार-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पारंपरिक शिल्प एवं विविध कला प्रशिक्षण शिविर का यह भव्य आयोजन 25 मई से 09 जून 2026 तक किया जाएगा।
संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर, सिविल लाईन रायपुर में होगा। शिविर दो पालियों में संचालित किया जाएगा, जिसमें सुबह की पाली 7:00 बजे से 10:00 बजे तक और शाम की पाली 5:00 बजे से 8:00 बजे तक रहेगी।
इन विधाओं का मिलेगा प्रशिक्षण:
शिविर में भाग लेने वाले इच्छुक प्रशिक्षुओं को ख्याति प्राप्त और पारंगत कला गुरुओं द्वारा कुल 16 अलग-अलग विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- वाद्ययंत्र
- क्ले/टेक्सचर आर्ट
- पेन्टिंग प्रशिक्षण कार्यशाला
- बोनसाई आर्ट
- भरथरी गायन
- कथक नृत्य
- मंडला/माडना आर्ट
- रजवार भित्ति चित्र विधा
- जूट शिल्प/गोदना शिल्प
- छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गहनें एवं वुडन ट्रायबल आर्ट
- लोकसंगीत/नृत्य
- हस्त कढ़ाई कलाकार/शिल्प डिजाईनर
- टेराकोटा
- लिप्पन आर्ट/छत्तीसगढ़ी कला/पचवाई आर्ट
- ए.आई. (A.I.)
- क्रोचेट/करोटिया विधा
पंजीयन प्रक्रिया और शुल्क:
इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) दिनांक 21 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। शिविर का पंजीयन शुल्क मात्र 100/- रुपये (सौ रुपये) निर्धारित किया गया है। इसके लिए अभ्यर्थियों को आकार प्रशिक्षण कार्यालय 2026 में अपना आईडी कार्ड जमा करना होगा। सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों को प्रशिक्षण शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
प्रमाण पत्र और कला प्रदर्शनी:
शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार की गई निर्मित कलाकृतियों को संग्रहालय परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही सफल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को विभाग द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
यहाँ से मिलेगी अधिक जानकारी:
शिविर से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रारूप संस्कृति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgculture.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा नवा रायपुर स्थित संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा कार्यालय या ई-मेल sanskriti.rajbhasha@gmail.com के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। पूछताछ के लिए कार्यालयीन समय में फोन नंबर 0711-2995629, 2537404 या मोबाइल नंबर 9827155547, 9575741888 पर संपर्क किया जा सकता है।
