अवैध उत्खनन पर CM साय का ‘बुलडोजर एक्शन’: रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद में खनिज विभाग का छापा, 4 हाईवा जब्त

रायपुर, 27 मई 2026। अवैध उत्खनन और परिवहन पर सीएम साय की सख्ती: रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद में खनिज उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, 4 हाईवा जब्त

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कड़े निर्देशों और राज्य शासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीमों ने बुधवार को रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

बिना पास के परिवहन करते पकड़ाए वाहन
इस संयुक्त जांच अभियान के दौरान रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिरदा और घिवरा में अवैध परिवहन के मामले पकड़े गए। टीम ने बिना वैध अभिवहन पास (टीपी) और अनुमति के खनिज ले जाते हुए कुल 4 हाईवा वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा। इनमें से एक वाहन में निम्न श्रेणी का चूनापत्थर (गौण खनिज) और तीन वाहनों में रेत लोड थी।

थाने में जब्त कर खड़े किए गए हाईवा
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत तत्काल कार्रवाई की गई। चारों हाईवा वाहनों को जब्त कर वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त किए गए सभी वाहनों को आगामी आदेश तक सुरक्षित अभिरक्षा के लिए रायपुर के समीपस्थ विधानसभा और खरोरा थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है।

अवैध कारोबारियों पर लगातार कस्ता रहेगा शिकंजा
खनिज विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शासन की इस प्रशासनिक चौकसी और सख्त निगरानी से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लग रहा है और नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *