रायपुर 8 जून । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार मछुआरा समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर चल रही है।

मुख्यमंत्री रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में बोल रहे थे। वे यहां राष्ट्रीय मछुआरा संघ के नए पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण और सामाजिक चिंतन सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने नए पदाधिकारियों को बधाई दी और समाज के भले के लिए काम करने को कहा। इस मौके पर उन्होंने मछुआरा कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भरत लाल मटियारा को याद कर श्रद्धांजलि भी दी।

हसदेव-बांगो जलाशय में बनेगा देश का आधुनिक एक्वा पार्क
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मछुआरों और किसानों के लिए कई बड़ी बातें बताईं:
- 37 करोड़ का एक्वा पार्क: हसदेव-बांगो जलाशय में 37 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा एक्वा पार्क बनाया जा रहा है। इससे मछली पालने, उसे बेचने और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
- वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन: दुधवा जलाशय में वैज्ञानिक तरीके से तिलापिया और पंगास मछली को पाला जा रहा है।
- 5 लाख का मुफ्त बीमा: मत्स्य सहकारी समितियों के सदस्यों को 5 लाख रुपये का मुफ्त दुर्घटना बीमा दिया जा रहा है।
- बिलासा देवी केंवट सम्मान: अच्छा काम करने वाले मछली पालकों को हर साल राज्योत्सव में सम्मानित किया जाता है।
- ठेका पद्धति बंद: गंगरेल डूबान क्षेत्र समिति में ठेका प्रथा को खत्म कर दिया गया है। अब वहां के लोग खुद मछली पालन कर सकेंगे।
विजन 2047 पर काम कर रही सरकार
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। देश को साल 2047 तक विकसित बनाने का लक्ष्य है। इसी को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ सरकार ने भी ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ तैयार किया है। उन्होंने कहा कि मछली पालन किसानों के लिए बहुत फायदे का सौदा है और सरकार इसमें हर संभव मदद करेगी।
